मनेंद्रगढ़ में स्व. दीपक पटेल स्मृति कप का भव्य शुभारंभ।
खिलाड़ियों के रोमांचक मुकाबलों से गूंजा मैदान
मनेंद्रगढ़।
01 मई 2026 को नगर के हाई स्कूल मैदान में स्व. दीपक पटेल स्मृति कप क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगरपालिक परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव शामिल हुईं। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजकुमार केसरवानी, सरजू यादव, सुरेश श्रीवास्तव, राम जी वैश्य, वार्ड क्रमांक 22 के पार्षद स्वप्निल सिन्हा, वार्ड क्रमांक 20 की पार्षद श्रीमती सुनैना विश्वकर्मा तथा वार्ड क्रमांक 21 की पार्षद श्रीमती सुशीला सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन के साथ ही मैदान में खेल प्रेमियों का उत्साह चरम पर दिखाई दिया।
*पहला मुकाबला: नदीपार की शानदार जीत*
पहला मैच वार्ड क्रमांक 14 और नदीपार के बीच खेला गया। नदीपार की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए वार्ड नं. 14 की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 75 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। टीम की ओर से कल्लू ने 13 गेंदों में 18 रन तथा बड़े ने 10 गेंदों में 17 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में सौरभ ताम्रकार ने 2 ओवर में 14 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नदीपार की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 5 ओवर 3 गेंदों में ही मैच अपने नाम कर लिया। सुमित ने 10 गेंदों में 26 रन और अभिषेक ने 9 गेंदों में 21 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। शानदार प्रदर्शन के लिए सौरभ ताम्रकार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच के निर्णायक की भूमिका याकूब एवं किशन केवट ने निभाई।

*दूसरा मुकाबला: पाली की कड़ी मेहनत रंग लाई*
दूसरा मुकाबला बिरसिंहपुर पाली और पौड़ी चिरमिरी के बीच खेला गया। पाली की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित ओवरों में 84 रनों का मजबूत लक्ष्य खड़ा किया। टीम की ओर से राधे ने 10 गेंदों में 28 रन तथा पीयूष ने 6 गेंदों में 14 रन बनाए। पौड़ी की ओर से संजय ने 2 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पौड़ी चिरमिरी की टीम ने शानदार संघर्ष किया। दीपक महराणा ने 19 गेंदों में 38 रन और अंकित ने 5 गेंदों में 15 रन बनाए, लेकिन टीम जीत से थोड़ी दूर रह गई। पाली की ओर से राकेश ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 ओवर में मात्र 5 रन देकर 3 विकेट झटके और टीम को जीत दिलाई। बेहतरीन प्रदर्शन के लिए राकेश साहू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस मुकाबले में निर्णायक की भूमिका किशन केवट, बाबू और याकूब ने निभाई।
*आयोजन ने बढ़ाया खेल भावना का उत्साह*
प्रतियोगिता के उद्घाटन दिवस पर ही दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आयोजन समिति के अनुसार आगामी मैचों में और भी रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
यह आयोजन न केवल स्व. दीपक पटेल की स्मृति को सम्मान देने का माध्यम बना, बल्कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।
![]()
