
सोनहत क्षेत्र विकास से कोसों दूर, मुख्यमंत्री ने नहीं की कोई बड़ी घोषणा — सुरेश सिंह
कोरिया/सोनहत
जिला पंचायत सदस्य एवं सोनहत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बरसों तक सोनहत क्षेत्र विकास से दूर रहा, लेकिन जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और गुलाब कमरो विधायक बने, तब क्षेत्र में विकास कार्यों की शुरुआत हुई और जनता को राहत मिली।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार कार्य किए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को गति मिली और आम जनता को शासन की योजनाओं का लाभ मिलने लगा।

सुरेश सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जाने के बाद पिछले ढाई वर्षों में सोनहत क्षेत्र फिर से विकास से कोसों दूर हो गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन सरकार का ध्यान इस ओर नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दो बार कोरिया जिले के दौरे पर आ चुके हैं, लेकिन सोनहत क्षेत्र के लिए किसी भी प्रकार की बड़ी घोषणा नहीं की गई। क्षेत्र की जनता को उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री के दौरे से विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी, लेकिन जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया गया।
सुरेश सिंह ने कहा कि हाल ही में तीन जिलों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की जनता बड़ी घोषणाओं की आस लगाए बैठी थी।

उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक गुलाब कमरो द्वारा मुख्यमंत्री से नए संभाग की घोषणा करने की मांग रखी गई थी, जो क्षेत्रहित में एक बड़ी और जायज मांग थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण मांग पर किसी भी प्रकार का संज्ञान नहीं लिया, जिससे क्षेत्र की जनता में निराशा का माहौल है।
क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सरकार केवल बैठकों और कार्यक्रमों तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहे हैं।
सुरेश सिंह ने कहा कि सोनहत क्षेत्र की जनता अब जवाब चाहती है कि आखिर क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की क्या योजना है और कब तक जनता को सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहेगा।
![]()
