
जनकपुर कार कांच तोड़कर 4.25 लाख चोरी ।
फरार आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने किया इनाम घोषित
एमसीबी/जनकपुर, 14 मई 2026।
जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर द्वारा जनकपुर में दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी के मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार आरोपियों की सूचना देने या गिरफ्तारी कराने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपए नकद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही सूचना देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना जनकपुर में अपराध क्रमांक 98/2026 धारा 305 (ख)(ग) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रार्थी ध्रुव यादव, निवासी खिरकी थाना कोतवाली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने जनकपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा से चेक के माध्यम से 4 लाख 25 हजार रुपए निकाले थे। उक्त राशि को कार की सामने वाली सीट में रखकर कुछ देर के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने कार का कांच तोड़कर नकदी पार कर दी।

पुलिस जांच में मामले के दो आरोपियों की पहचान हुई है, जिनमें—
पिंटू यादव, पिता मोहन यादव, निवासी नयाटोला जुल्फागंज वार्ड क्रमांक 01, थाना कोढ़ा, जिला कटिहार (बिहार)
सुमित सिरोदिया उर्फ बंदर, पिता राधेश्याम, उम्र लगभग 28 वर्ष, निवासी भोलगढ़ थाना अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
शामिल हैं। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को आरोपियों के संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
संपर्क नंबर
पुलिस अधीक्षक एमसीबी – 9479194855
पुलिस अनुविभागीय अधिकारी भरतपुर – 9425244662
थाना प्रभारी जनकपुर – 7747908484
पुलिस कंट्रोल रूम एमसीबी – 9479160180
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा पुरस्कार वितरण के संबंध में पुलिस अधीक्षक का निर्णय अंतिम होगा।
![]()
