नेता प्रतिपक्ष कमल चौधरी वार्ड की समस्याओं के निराकरण हेतु अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे
जनकपुर।
नगर पंचायत जनकपुर में साफ-सफाई की समस्या को लेकर वार्ड क्रमांक 09 के पार्षद एवं नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष कमल चौधरी आज से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने प्रशासन को पूर्व में लिखित आवेदन देकर वार्ड की समस्याओं के समाधान की मांग की थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने यह कदम उठाया है।

पार्षद कमल चौधरी ने पूर्व में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भरतपुर को पत्र लिखकर वार्ड क्रमांक 09 (डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड) में भगवानपुर मुख्य सड़क की जाम नाली की सफाई कराने की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि पिछले करीब एक माह से नाली जाम होने के कारण निस्तारी का गंदा और बदबूदार पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे वार्डवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने नवीन बस स्टैंड जनकपुर स्थित सार्वजनिक शौचालय की बदहाल स्थिति का भी जिक्र किया था। शौचालय की नियमित साफ-सफाई नहीं होने से वहां गंदगी फैली रहती है और वह उपयोग के योग्य नहीं है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पार्षद कमल चौधरी ने प्रशासन को चेतावनी दी थी कि यदि तीन दिनों के भीतर नाली की सफाई और बस स्टैंड स्थित शौचालय की व्यवस्था ठीक नहीं की गई, तो वे नगर पंचायत कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने पर आज से उन्होंने धरना शुरू कर दिया है।
धरने पर बैठते हुए कमल चौधरी ने कहा कि जब तक वार्ड की समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से तत्काल नाली की सफाई कराने और बस स्टैंड शौचालय को नियमित रूप से चालू कराने की मांग की है।
इस मामले को लेकर वार्डवासियों में भी नाराजगी देखी जा रही है और कई लोगों ने धरने को समर्थन देते हुए प्रशासन से जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।
![]()
