नगरपालिका के खिलाफ कांग्रेस का निर्णायक शंखनाद
नपा प्रशासन पर ‘तानाशाही’ का आरोप—
पार्षद अजय जायसवाल का ऐलान: “अब आर-पार की लड़ाई”
मनेंद्रगढ़
मनेंद्रगढ़ नगरपालिका में चल रही कथित मनमानी और सत्ता के अहंकार के खिलाफ कांग्रेस ने अब चुप्पी तोड़ दी है। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका कार्यालय का घेराव कर साफ संदेश दे दिया—जनता की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजीव गांधी चौक से शुरू हुआ यह जनाक्रोश जब नगरपालिका गेट तक पहुंचा, तो पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। सत्ता के दरवाजे पर जनता की आवाज़ टकराई और शहर का सियासी तापमान अचानक चरम पर पहुंच गया।
“नगरपालिका सत्ता का अड्डा बन चुकी है” — कांग्रेस का सीधा आरोप
घेराव के दौरान पार्षद अजय जायसवाल ने नगरपालिका अध्यक्ष और सीएमओ को सीधे कटघरे में खड़ा करते हुए कहा—
“यह नगरपालिका अब सेवा का केंद्र नहीं, सत्ता की तानाशाही का अड्डा बन चुकी है। अगर 15 दिनों में जनता की मांगें नहीं मानी गईं, तो मैं यहीं आमरण अनशन पर बैठूंगा।”
उनके इस ऐलान के बाद प्रदर्शन और उग्र हो गया और “तानाशाही नहीं चलेगी” के नारे गूंजने लगे।
सत्ता से सवाल
प्रदर्शन की शुरुआत राजीव गांधी चौक से हुई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कहा—
“जिस लोकतंत्र की नींव राजीव गांधी ने मजबूत की थी, उसी लोकतंत्र को आज नगरपालिका में कुचला जा रहा है।”
इसके बाद रैली नगरपालिका कार्यालय पहुंची, जहां भारी पुलिस बल तैनात कर सत्ता ने जनता की आवाज़ दबाने की कोशिश की।

पूर्व जनप्रतिनिधियों का हमला:
‘पहले सेवा, अब सिर्फ सत्ता’
पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल और पूर्व उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने कहा कि पहले बिना भेदभाव के विकास कार्य होते थे, लेकिन वर्तमान प्रशासन में केवल अपने लोगों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने दो टूक कहा—“यह व्यवस्था नहीं बदली तो आंदोलन सड़कों से विधानसभा तक जाएगा।”
भ्रष्टाचार, भेदभाव और आक्रोश—आंदोलन के संकेत साफ
नगरपालिका में विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार, योजनाओं के चयन में भेदभाव और पार्षदों की अनदेखी को लेकर लंबे समय से असंतोष पनप रहा था। बुधवार का प्रदर्शन सत्ता के लिए सिर्फ चेतावनी नहीं, बल्कि आने वाले बड़े राजनीतिक संघर्ष का ट्रेलर माना जा रहा है।
कांग्रेस ने दिखा दी ताकत
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, प्रभा पटेल, कृष्ण मुरारी तिवारी, अजय जायसवाल, अनिल प्रजापति, किरण कुजूर, स्वप्निल सिन्हा, मुकेश अग्रवाल, गिरधर जायसवाल, पूनम सिंह, इमरान खान, मोहम्मद सईद, रवि जैन, कासिम अंसारी, जगदीश मधुकर, गोपाल गुप्ता,सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
विज्ञापन

![]()

