बढ़ती ठंड से बच्चों के स्कूल समय बदलने की उठी मांग
नपा अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने कलेक्टर को भेजा पत्र
मनेंद्रगढ़।
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही ठंड ने अब स्कूली बच्चों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। सुबह के समय पड़ रही कड़क ठंड के बीच बच्चों को बहुत जल्द स्कूल पहुंचना पड़ रहा है, जिसके कारण सर्दी-खांसी, जुकाम तथा बीमारियों की शिकायतें बढ़ रही हैं। अभिभावकों का कहना है कि ठंड की वजह से छोटे बच्चों के लिए सुबह जल्दी घर से निकलना मुश्किल हो गया है, वहीं विद्यालय पहुंचते-पहुंचते कई बच्चे ठिठुर जाते हैं।

बच्चों की इसी परेशानी को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव ने कलेक्टर को पत्र लिखकर विद्यालयीन समय में तत्काल परिवर्तन करने की मांग की है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि ठंड में अप्रत्याशित वृद्धि होने से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और बच्चों के स्वास्थ्य पर इसका सीधा प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे में निजी एवं शासकीय विद्यालयों के समय में बदलाव अत्यंत आवश्यक हो गया है, ताकि बच्चे सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में अध्ययन कर सकें।
अध्यक्ष प्रतिमा यादव ने प्रशासन से आग्रह किया है कि ठंड की तीव्रता को देखते हुए स्कूलों का समय आगे बढ़ाया जाए, जिससे बच्चों को ठंड से राहत मिल सके और वे बिना किसी स्वास्थ्य जोखिम के नियमित रूप से विद्यालय आ सकें।
स्थानीय नागरिकों ने भी इस मांग का समर्थन किया है और शीघ्र निर्णय की अपेक्षा जताई है।
![]()
