“मरा हुआ” जिंदा लौट आया! — अंतिम संस्कार के बाद घर पहुंचा युवक, हैरान करने वाला मामला
सूरजपुर (छत्तीसगढ़)।
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस से लेकर पूरे गांव को हैरत में डाल दिया है।
जिस युवक का अंतिम संस्कार पूरे रीति-रिवाज के साथ किया जा चुका था, वही युवक अचानक जिंदा घर लौट आया। परिजनों की आंखों के सामने “मरा हुआ बेटा” जब दरवाजे पर आया, तो कुछ पल के लिए सभी के होश उड़ गए। घर में जहां मातम पसरा था, वहां अचानक खुशियों की लहर दौड़ गई।

कुएं में मिला था अज्ञात शव, परिवार ने मान लिया बेटे का
घटना सूरजपुर जिले के मानपुर क्षेत्र की है। बीते शनिवार को पुलिस को एक कुएं में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और आसपास के गांवों में उसकी पहचान के लिए सूचना फैलाई।
इसी बीच चंदरपुर (ढुंढरा) निवासी पुरषोत्तम के परिवार को खबर मिली कि कुएं से एक अज्ञात शव मिला है। क्योंकि पुरषोत्तम दो दिन से लापता था, परिवार को शक हुआ कि शायद वही हादसे का शिकार हो गया है।
परिजनों ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। शव कुछ हद तक सड़ चुका था, लेकिन कपड़े और शरीर की बनावट देखकर परिवार ने उसे पुरषोत्तम ही मान लिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पूरे गांव ने किया अंतिम संस्कार
परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया। गांव में मातम का माहौल था। रिश्तेदार और परिचित शोक संवेदना देने घर पहुंच रहे थे। घर में पूजा-पाठ और क्रियाकर्म की तैयारियां चल रही थीं। सभी को यकीन था कि पुरषोत्तम अब इस दुनिया में नहीं रहा।
तभी दरवाजे पर आया “मरा हुआ” बेटा!
लेकिन रविवार शाम को अचानक घर के दरवाजे पर पुरषोत्तम खुद आ धमका। उसे देखकर पहले तो परिवार वालों को अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ। कुछ पल के लिए माहौल सन्नाटे में बदल गया — फिर घर में चीख-पुकार, हैरानी और खुशी का माहौल बन गया। जो घर अभी तक शोक में डूबा था, वहां अब खुशी और हैरानी दोनों की लहर दौड़ गई।
अब पुलिस उलझी नई पहेली में
इस घटना के बाद अब पुलिस गंभीर जांच में जुट गई है। क्योंकि जिस शव को पुरषोत्तम समझकर दफनाया गया था, वह आखिर कौन था, पुलिस अब दोबारा जांच और पहचान की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रही है।
चर्चा का विषय बना मामला
यह अजीबोगरीब घटना अब पूरे सूरजपुर जिले में चर्चा का विषय बन गई है। लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं ।
परिजनों के लिए यह घटना किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही — जहां “मरा हुआ” बेटा दोबारा लौटकर जीवित खड़ा हो गया।
खबर अन्य चैनल प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर विश्व संवाद में चल रही है।
![]()
