मनेन्द्रगढ़ में पेट्रोल चोरी की वारदात — चार कारों के पाइप काटकर तेल चोरी,
सीसीटीवी में कैद हुआ आरोपी
मनेन्द्रगढ़।
नगर के वार्ड क्रमांक 11 बड़ा बहरा, जेल रोड चैनपुर क्षेत्र में बीती रात पेट्रोल चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घरों के सामने खड़ी चार कारों के नीचे लगे पाइप काटकर पेट्रोल निकाल लिया और वाहनों को नुकसान भी पहुंचाया। इस घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश और दहशत दोनों व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 24 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात की है। वार्ड के निवासी अश्विनी कुमार दुबे (कार क्रमांक CG16CT0765 Creta), विश्वनाथ प्रताप यादव (CG16CR4127 Punch), आशुतोष ताम्रकार (JH01CV2771 Baleno) और जी. शंकर राव (MP18O2646 Alto) की गाड़ियाँ घर के सामने खड़ी थीं। सुबह जब वाहन मालिकों ने देखा तो चारों कारों के नीचे लगे पाइप कटे हुए थे और पेट्रोल पूरी तरह गायब था। साथ ही वाहनों के नीचे के हिस्से को भी नुकसान पहुंचाया गया था।
घटना की शिकायत वाहन मालिकों ने थाना प्रभारी मनेन्द्रगढ़ को दी है। साथ ही उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को प्रदान की है, जिसमें एक व्यक्ति कारों के नीचे से पाइप काटकर पेट्रोल निकालते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पुलिस ने फुटेज को जब्त कर लिया है और आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं।
पीड़ितों ने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपी की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए। क्षेत्रवासियों ने भी कहा कि इस तरह की घटनाओं से रात में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी छोटी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पेट्रोल चोरी की यह पहली बड़ी घटना है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और वार्ड के सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच करने की मांग की है।
> स्थानीय नागरिकों की अपील — “पुलिस प्रशासन ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करे ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने की हिम्मत न करे।”
![]()
