*सड़क निर्माण की आड़ में तालाब पर डाका! — ठेकेदार के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश*
*सांसद प्रतिनिधि ने की जांच और कार्यवाही की मांग।*
मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)।
ग्राम पसौरी, तहसील केल्हारी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। आवेदक राजकुमार पूरी पिता सुखनंदन पनिका ने कलेक्टर मनेंद्रगढ़ को शिकायत पत्र सौंपते हुए बताया कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान ग्राम पसौरी स्थित शासकीय तालाब की मेड़ को काटकर मिट्टी निकाली जा रही है, जिससे तालाब को भारी नुकसान पहुंचा है।

शिकायत में कहा गया है कि अटल चौक से बुलाकीटोला पटेलपारा मध्यप्रदेश सीमा तक सड़क का निर्माण ठेकेदार फर्म M/S अर्नव विल्डकान बिजुरी (मध्यप्रदेश) कैम्फ पसौरी द्वारा किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान तालाब की सुरक्षा को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया, जिससे तालाब की संरचना प्रभावित हो रही है

राजकुमार पूरी ने बताया कि इस संबंध में दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को अनुविभागीय अधिकारी केल्हारी को भी शिकायत दी गई थी। उस समय हल्का पटवारी के माध्यम से स्थल निरीक्षण कर जांच रिपोर्ट तैयार की गई, लेकिन अब तक किसी भी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की मेड़ कटने से पानी का रिसाव हो सकता है, जिससे आने वाले दिनों में ग्रामवासियों की सिंचाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति दोनों प्रभावित होंगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए तालाब की पूर्व स्थिति बहाल की जाए और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

आवेदक राजकुमार पूरी, जो सांसद प्रतिनिधि भी हैं, ने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण विरोध प्रदर्शन और धरना देने को विवश होंगे।
ग्रामीणों की इस शिकायत ने एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।
![]()
