*लंबे संघर्ष के बाद मिले न्याय पर श्रमिक बंधुओ ने पूर्व विधायक डॉ विनय जायसवाल का जताया आभार।*
*श्रमिक बंधुओ द्वारा प्रदान की गई सम्मान राशि को जगन्नाथ मंदिर चिरमिरी को दिया दान।*
चिरमिरी।
एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र से बरसों पहले बर्खास्त किए गए 32 श्रमिक बंधुओं की लंबी कानूनी और सामाजिक लड़ाई आखिरकार सफल रही। संघर्ष के वर्षों बाद इन श्रमिकों को उनका हक़ — सीएमपीएफ, ग्रेच्युटी और पेंशन की पूरी राशि — प्राप्त हो गई है। इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में श्रमिक बंधुओं ने पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल से मुलाकात की और उनका आभार व्यक्त किया।

श्रमिक बंधुओं ने संयुक्त रूप से सम्मान और आभार के प्रतीक के रूप में ₹1,11,000 का चेक पूर्व विधायक को भेंट किया। इस अवसर पर डॉ. जायसवाल ने इस राशि को प्रभु की सेवा में समर्पित करते हुए जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट, चिरमिरी को दान कर दिया।

डॉ. विनय जायसवाल भावुक होते हुए बोले—
“आज का दिन मेरे लिए भाव-विभोर कर देने वाला है। यह राशि केवल धन नहीं, बल्कि उन श्रमिक परिवारों का विश्वास, प्यार और आशीर्वाद है जिनके लिए मैंने संघर्ष किया। यह जीत उनकी मेहनत और एकजुटता का परिणाम है। यह मेरे लिए अमूल्य पूंजी है, जो मुझे आगे भी श्रमिकों और आमजन की आवाज़ उठाने की शक्ति देती है।”
उन्होंने कहा कि यह जीत सिर्फ आर्थिक हक़ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह न्याय और विश्वास की जीत है। श्रमिक परिवारों का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।

पूर्व विधायक ने श्रमिक बंधुओं का आभार जताते हुए आश्वासन दिया कि—
“मैं सदैव आप सभी की आवाज़ और अधिकारों की लड़ाई में आपके साथ खड़ा रहूंगा। हर परिस्थिति में आपके हक़ की रक्षा के लिए तत्पर रहूंगा।”
इस अवसर पर श्रमिक परिवारों ने भी कहा
कि यदि डॉ. विनय जायसवाल जैसे जनप्रतिनिधि उनके साथ न होते, तो उनकी यह लड़ाई शायद कभी अंजाम तक न पहुंच पाती।
![]()
