मनेंद्रगढ़ में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल ने नुक्कड़ नाटक से समाज को दिया जागरूकता का संदेश
मनेंद्रगढ़।
मनेंद्रगढ़ शहर का प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल हमेशा शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में भी अपनी अहम भूमिका निभाता रहा है। इसी क्रम में विद्यालय द्वारा शहर के प्रमुख व्यवसायिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस नाटक का मुख्य उद्देश्य समाज को ‘टीबी मुक्त भारत’, ‘सर्व शिक्षा अभियान’ और ‘सड़क सुरक्षा’ जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जागरूक करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘टीबी मुक्त भारत’ विषय पर आधारित नाटक से हुआ। कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं ने बड़े ही सरल और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से टीबी (तपेदिक) के लक्षण, इलाज और सरकारी योजनाओं का महत्व बताया। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि समय पर इलाज और सही जानकारी से टीबी को हराया जा सकता है। दर्शकों ने इस प्रस्तुति से गहरी सीख ली।

इसके बाद विद्यार्थियों ने ‘सर्व शिक्षा अभियान’ पर प्रस्तुति दी। इस हिस्से में शिक्षा के महत्व को उजागर किया गया। नाटक ने उन बच्चों की स्थिति को सामने रखा, जो किसी कारणवश शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। बच्चों के अधिकार और सभी के लिए शिक्षा को आवश्यक बताते हुए छात्रों ने समाज से अपील की कि हर बच्चा स्कूल पहुंचे।

नाटक का तीसरा और सबसे रोचक भाग ‘सड़क सुरक्षा’ पर केंद्रित रहा। इसमें छात्रों ने हेलमेट न पहनने, तेज रफ्तार गाड़ी चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने जैसे खतरनाक व्यवहारों को मजेदार अंदाज में पेश किया। साथ ही, सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने और पैदल यात्रियों का सम्मान करने जैसे संदेशों को बड़ी ही गंभीरता और सहजता से प्रस्तुत किया। इस भाग ने दर्शकों की जमकर तालियां बटोरी।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने छात्रों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा – “नुक्कड़ नाटक समाज को जागरूक करने का सबसे सशक्त माध्यम है। हमें गर्व है कि हमारे छात्रों ने सामाजिक चेतना जगाने वाले इन विषयों को इतनी संवेदनशीलता और ऊर्जा के साथ प्रस्तुत किया।”
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक, विद्यार्थी और शहरवासी मौजूद थे। सभी ने एकमत से माना कि ऐसे आयोजन समाज को सही दिशा देने में मील का पत्थर साबित होते हैं।
![]()
