छोटा बाजार में दूषित पानी से दो मौतें: कांग्रेस नेताओं ने किया शोक व्यक्त, वार्ड में किया पैदल भ्रमण
चिरमिरी MCB| दिनांक: 13 अगस्त 2025
चिरमिरी नगर निगम के छोटा बाजार क्षेत्र में दूषित पानी की आपूर्ति से उपजे संकट ने एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही की पोल खोल दी है। बीते दिनों दो नवयुवकों की मौत के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय नागरिक लगातार बीमारियों से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग चुप्पी साधे हुए हैं।

कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव आज मौके पर पहुंचे और वार्ड का पैदल भ्रमण कर हालात का प्रत्यक्ष जायजा लिया। उन्होंने घर-घर जाकर पीड़ित परिवारों और नागरिकों से मुलाकात की तथा मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
श्री श्रीवास्तव ने कहा,
> “स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। नगर निगम की यह घोर लापरवाही जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। अब यह केवल प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि मानवीय संकट है।”

उन्होंने बताया कि इस समस्या को कुछ दिन पहले भी नगर निगम में उठाया गया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कांग्रेस पार्टी ने मृतकों के परिजनों को न्याय दिलाने का आश्वासन देते हुए स्पष्ट किया कि दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस मौके पर इकराम आज़मी (उप नेता प्रतिपक्ष, नगर निगम चिरमिरी), शाहिद महमूद, पार्षद शहाबुद्दीन, निसार अहमद, समशुद्दीन, सैफ नियाज़ी, निखिल यादव, अभिलाषा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद थे।
अंत में जिला अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि,
> “जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस इस मुद्दे को एक बड़े जनआंदोलन में बदलेगी।”
![]()
