चिरमिरी में दूषित पानी से फैला पीलिया – दो की मौत, 204 पीड़ित, 21 भर्ती
MCB
नगर निगम चिरमिरी क्षेत्र में दूषित पानी पीने से पीलिया का प्रकोप फैल गया है, जिससे अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है और 204 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 21 मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार सर्वे, दवा वितरण और जनजागरूकता अभियान चला रही है।

जानकारी के अनुसार, सबसे ज्यादा प्रभावित चिरमिरी के छोटी बाजार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 19, 20, 21, 22 और 23 हैं। वार्ड 22 निवासी कार्तिक (21) की 10 अगस्त और गोपी (30) की 9 अगस्त को मौत हुई। गोपी की मौत इलाज के लिए अंबिकापुर ले जाते समय हुई बताई जा रही है। दोनों की मौत के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों और स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पीलिया का प्रकोप लगभग दो सप्ताह पहले दूषित पानी पीने से फैला। पानी की सप्लाई के स्रोत और पाइपलाइन में गंदगी मिलने की आशंका जताई जा रही है।
सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर क्लोरीन की गोलियां बांटी जा रही हैं और मेडिकल कैंप लगाकर मरीजों की जांच एवं इलाज किया जा रहा है। उन्होंने कहा –
> “एक पीड़ित हमारे अस्पताल में चार दिन तक भर्ती था, जिसे काउंसलिंग के बाद भर्ती कराया गया था, लेकिन परिजन लिखकर ले गए कि हम अन्य जगह इलाज या झाड़-फूंक कराएंगे। बावजूद इसके स्टाफ ने रोकने की पूरी कोशिश की। हम लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं।”
स्वास्थ्य विभाग अब इलाके में पानी की आपूर्ति के सभी स्रोतों की सफाई, क्लोरीनीकरण और पाइपलाइन की जांच में जुटा है। साथ ही नगर निगम को जल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना ने न केवल नगर निगम की जल आपूर्ति प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था की भी पोल खोल दी है। फिलहाल प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है,
![]()
