युवा नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ समाज का निर्माण करें : प्राचार्य डॉ० तिवारी
एमसीबी जिले के मानक शिक्षण संस्थान दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में मनेंद्रगढ़ में नशामुक्त समाज की जागरूकता के उद्देश्य से “Run for No Drugs” शीर्षक से एक मिनी मैराथन का शानदार आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यालय परिसर से आरंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर बसंत कुमार तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलन के पश्चात् हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नशा मानव जीवन को विनाश की ओर ले जाता है और युवाओं को इससे दूर रहकर एक स्वस्थ, उज्जवल भविष्य का निर्माण करना चाहिए।

विद्यालय के कक्षा पांचवी से लेकर बारहवीं तक छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह और जोश के साथ मैराथन में भाग लिया। “से नो टू ड्रग्स”, “बी स्मार्ट – डोंट स्टार्ट” जैसे नारे लगाते हुए बच्चों ने पूरे शहर में जनजागरण का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में यह संदेश फैलाना था कि *स्वस्थ जीवन ही सफल जीवन की कुंजी है* और नशामुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब नई पीढ़ी इसके प्रति सजग होगी।

मैराथन उपरांत विजेताओं को *प्रमाणपत्र* और *पदक* देकर सम्मानित किया गया, जिनमें छात्र वर्ग में कक्षा नौवीं के छात्र शाद अली ने प्रथम स्थान, कक्षा दसवीं के छात्र गौरव केवट ने द्वितीय स्थान तथा कक्षा नौवीं के छात्र समर्थ साहू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्रा वर्ग में कक्षा सातवीं की छात्रा रोहणी बघेल ने प्रथम स्थान, कक्षा सातवीं की छात्रा सानवी केशरवानी ने द्वितीय स्थान तथा कक्षा पांचवी की छात्रा भव्या खोड़ियार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में अनुशासन, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
इस प्रकार “रन फॉर नो ड्रग्स” मिनी मैराथन ने मनेंद्रगढ़ शहर में एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया और नशामुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।
राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
![]()
