oplus_0
एनएचएम कर्मचारियों का अनोखा प्रदर्शन, पीपीई किट पहनकर भीख मांगने उतरे स्वास्थ्यकर्मी
मनेंद्रगढ़, 27 अगस्त 2025।
पूरे प्रदेश में एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार धरना–प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे विभिन्न रचनात्मक और प्रतीकात्मक तरीकों से सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करते रहेंगे।
इसी कड़ी में आज एमसीबी जिले के मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में एनएचएम कर्मचारियों ने पीपीई किट पहनकर विरोध प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के दौरान यही पीपीई किट स्वास्थ्यकर्मियों की पहचान और उनकी सुरक्षा का साधन बना था। उस समय इन स्वास्थ्यकर्मियों को ‘कोरोना योद्धा’ कहा जाता था, लेकिन आज वही योद्धा सरकार की बेरुखी के खिलाफ सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने दुकानों पर जाकर दुकानदारों और आम जनता से संवाद किया। उन्होंने व्यंग्यात्मक रूप से कहा कि “छत्तीसगढ़ सरकार के पास हमारे वेतन के लिए पैसा नहीं है, इसलिए हम जनता से भीख इकट्ठा कर सरकार को भेजेंगे, ताकि हमें मेहनत का उचित प्रतिफल मिल सके।”
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार लगातार आश्वासन तो देती रही है, लेकिन अब तक उनकी 10 सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।
एनएचएम कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो हमारा यह आंदोलन निरंतर चलता रहेगा।
![]()
