मनेंद्रगढ़ के राज्योत्सव कार्यक्रम पर सोशल मीडिया में मचा बवाल।
भाजपा नेता प्रमोद बंसल ने उठाए सवाल — “जिला व नगरीय प्रशासन ने की पार्टी कार्यकर्ताओं व आम जनता की अनदेखी।
मनेंद्रगढ़ —
एमसीबी जिला मुख्यालय में चल रहे राज्योत्सव कार्यक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर घमासान मचा हुआ है।
एक तरफ जहां कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपस्थित नहीं हुए वहीं दूसरी तरफ भाजपा नेताओं को भी तवज्जो न मिलने पर मामला सोशल मीडिया में उछल रहा है।

भाजपा नेता प्रमोद बंसल ने जिला प्रशासन और नगरीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।
उन्होंने कहा कि “मंच पर जितने लोग बैठे थे, उतनी ही भीड़ कार्यक्रम में थी। आने वाले समय में नेताओं के साथ भी यही भीड़ रहेगी, क्योंकि जिले का संगठन केवल अपने चहेतों तक सीमित रह गया है।”

प्रमोद बंसल ने भाजपा संगठन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि एमसीबी जिले में संगठन केवल विशेष क्षेत्र को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है, जबकि मनेंद्रगढ़ की उपेक्षा लगातार की जा रही है।
बंसल ने आगे कहा कि प्रशासन ने कार्यकर्ताओं की कोई सूची तक नहीं मांगी, न ही आम जनता को किसी प्रकार की सूचना या आमंत्रण दिया गया। शहर में न तो कोई प्रचार हुआ, न मुनादी — नतीजा यह हुआ कि कार्यक्रम में केवल प्रशासनिक कर्मचारी, कुछ चुनिंदा भाजपा नेता ही नजर आए।
“सरकार लाखों रुपए खर्च कर रही है लेकिन जनता को कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं है। यदि नगरपालिका मुनादी कर आमंत्रण दे, तो शेष बचे दो दिन के कार्यक्रम में आम जनता भी जुड़ सके और खर्च का सार्थक उपयोग हो सके। और लोग अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए शामिल होंगे।”
बंसल ने तीखे लहजे में कहा — “संगठन अपने चहेतों को तो बुला सकता है, परंतु जिले के कार्यकर्ताओं की उसे कोई परवाह नहीं। यही हाल रहा तो आने वाले विधानसभा चुनाव में भी नेताओं के साथ सिर्फ कुर्सियों की भीड़ ही रहेगी।”
स्पष्ट है कि एमसीबी जिले में राज्योत्सव आयोजन को लेकर संगठन और प्रशासन, दोनों की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं, और सोशल मीडिया पर लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।
विज्ञापन

![]()
