oplus_0
हाथों में लगी है मेहंदी पर नहीं मना पा रहे तीज का त्यौहार
तीजा के त्यौहार में है खाली हाथ , महिला NHM कर्मचारी
मनेंद्रगढ़ (MCB जिला मुख्यालय):
तीजा का त्यौहार नजदीक है। आमतौर पर इस पर्व पर महिलाओं के हाथों में मेहंदी सजती है, गीत गाए जाते हैं और घरों में रौनक रहती है, लेकिन इस बार तीज के मौके पर स्वास्थ्य विभाग के एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मचारी मायूस नज़र आ रहे हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि वेतन और भत्तों में अनियमितता, स्थायीकरण सहित 10 सूत्री मांगों को लेकर वे लंबे समय से आंदोलनरत हैं। आर्थिक संकट इतना गहरा गया है कि तीज जैसे महत्वपूर्ण पर्व पर भी उनके घरों में खुशियां फीकी पड़ गई हैं।
महिला कर्मचारियों ने बताया कि हाथों में मेहंदी तो रच गई है, लेकिन पैसों की तंगी के कारण त्योहार का पारंपरिक उत्सव मनाना संभव नहीं हो पा रहा। ज़रूरी खर्चे पूरे करने में ही सारा वेतन खत्म हो जाता है, ऊपर से आंदोलन की वजह से घर की आर्थिक स्थिति और कमजोर हो गई है।

एनएचएम संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि बार-बार शासन और प्रशासन से गुहार लगाने के बावजूद कोई ठोस पहल नहीं हुई। मजबूरी में उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। उनका साफ कहना है कि जब तक 10 सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्यवाही नहीं होगी, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
त्योहार की खुशियों के बीच कर्मचारियों की यह पीड़ा समाज और प्रशासन दोनों के लिए सोचने का विषय है। तीज जैसे पारिवारिक और सांस्कृतिक पर्व पर भी जब घर-घर में मायूसी छाई हो तो यह स्थिति प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और कर्मियों की समस्याओं पर गहरे सवाल खड़े करती है।
![]()
