शिक्षकों का हल्ला बोल – शिक्षामंत्री को सौंपा 10 सूत्रीय मांगपत्र
पेंशन, पदोन्नति और प्राचार्य पोस्टिंग को लेकर उठी जोरदार आवाज़,
मंत्री गजेन्द्र यादव बोले – “ई संवर्ग प्राचार्य इसी माह”
दुर्ग।
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने लंबे समय से लंबित समस्याओं और मांगों को लेकर रविवार को स्कूल शिक्षा मंत्री माननीय गजेन्द्र यादव को दुर्ग सर्किट हाउस में 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। संगठन ने ज्ञापन सौंपते हुए विशेष रूप से एलबी संवर्ग शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं, पेंशन निर्धारण, पदोन्नति, टेट से मुक्ति और भविष्य निधि संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से रखा।

एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि एलबी संवर्ग के शिक्षकों की समस्याएं वर्षों से अनसुलझी हैं। ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्न बिंदुओं को रखा गया है –
मुख्य मांगें
1. पुरानी पेंशन का लाभ – सेवा गणना 1 जुलाई 2018 से करने के कारण कई शिक्षक पुरानी पेंशन से वंचित हो रहे हैं। संगठन ने पूर्व नियुक्ति तिथि से सेवा गणना कर सभी को पुरानी पेंशन देने की मांग की।
2. 20 वर्ष में पूर्ण पेंशन – केंद्र सरकार की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी 33 वर्ष के स्थान पर 20 वर्ष की सेवा में पूर्ण पेंशन का प्रावधान हो।
3. क्रमोन्नति / समयमान – हाईकोर्ट डबल बेंच के आदेश के आधार पर विभागीय जनरल ऑर्डर जारी किया जाए।
4. ई संवर्ग प्राचार्य पोस्टिंग – शीघ्र पदस्थापना की जाए।
5. सभी संवर्ग में पदोन्नति – रिक्त 28 हजार पदों पर जल्द से जल्द पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जाए।
6. लंबे अनुभव के आधार पर टेट से मुक्ति – सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार शिक्षकों को टेट से मुक्त करने की मांग।
7. डीएड/बीएड प्रशिक्षित शिक्षकों को समान अवसर पदोन्नति में दिया जाए।
8. सीजीपीएफ से अग्रिम आहरण की सुविधा – अस्थायी व आंशिक निकासी की अनुमति मिले।
9. भविष्य निधि में एरियर राशि काउंट हो – ताकि अंतिम शेष राशि सही दिखे।
मंत्री का आश्वासन
मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर सभी मांगों पर सकारात्मक चर्चा की और उचित निराकरण का भरोसा दिया। उन्होंने विशेष रूप से आश्वस्त किया कि ई संवर्ग प्राचार्य के रिक्त पदों की पूर्ति इसी माह की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख पदाधिकारी
प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा, उपाध्यक्ष देवनाथ साहू, बसंत चतुर्वेदी, शैलेन्द्र यदु, सचिव मनोज सनाढय, जिलाध्यक्ष दुर्ग शत्रुहन साहू, राजनांदगांव के गोपी वर्मा, बिलासपुर के संतोष सिंह, धमतरी के डॉ. भूषण चंद्राकर, बालोद के दिलीप साहू, मोहला-मानपुर के श्री हरि, खैरागढ़ के संजय राजपूत सहित प्रदेश भर से आए 70 से अधिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
संगठन ने उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर शिक्षक समुदाय की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान करेगी।
![]()

