किसानों के साथ वादा खिलाफी बर्दाश्त नहीं : गुलाब कमरों
मनेंद्रगढ़।MCB
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा किसानों से किए गए वादों से पीछे हटने को लेकर पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कड़ा विरोध जताया है।

“उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में स्पष्ट रूप से किसानों से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का वादा किया था, लेकिन अब सरकार उसी वादे से मुकरती नजर आ रही है।”
पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि मनेंद्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर (MCB) जिले में कलेक्टर के मौखिक आदेश के आधार पर किसानों से केवल 18/16 क्विंटल प्रति एकड़ धान की ही खरीदी की जा रही है। यह फैसला किसानों के साथ सीधा अन्याय है, जिससे वे भारी आर्थिक नुकसान झेलने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि किसान कड़ी मेहनत से खेतों में पसीना बहाकर फसल उगाता है। बीज, खाद, दवाई, सिंचाई और मजदूरी के लिए कर्ज लेकर खेती करता है, इस उम्मीद में कि सरकार उसकी पूरी उपज खरीदेगी और उसे उसकी मेहनत का पूरा मूल्य मिलेगा। लेकिन भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आज वही किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
गुलाब कमरों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन सत्ता में आते ही किसानों के हितों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह फैसला पूरी तरह जनविरोधी है और इससे किसानों का भरोसा टूट रहा है।
पूर्व विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही अपने घोषणा पत्र के अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का निर्णय लागू नहीं किया, तो किसानो के हित में कांग्रेस पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी।
उन्होंने सरकार से मांग की कि बिना किसी भेदभाव के सभी किसानों से पूरा 21 क्विंटल धान खरीदा जाए और किसानों को उनका हक दिलाया जाए।
![]()
