सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत को लेकर सांसद प्रतिनिधि मक़बूल अख़्तर ने नगर पालिका को सौंपा ज्ञापन
मनेन्द्रगढ़ | 04 अगस्त 2025
कोरबा लोकसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि और जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मक़बूल अख़्तर ने नगर पंचायत नई लेदरी क्षेत्र की सड़कों की दुर्दशा पर गंभीर चिंता जाहिर करते हुए नगर पालिका प्रशासन को एक लिखित पत्र सौंपा है।

यह पत्र नगर पालिका अधिकारी महोदय के नाम जारी किया गया है, जिसमें उन्होंने नई लेदरी क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर बने खतरनाक गड्ढों की मरम्मत कार्य शीघ्र कराने की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि मुख्य मार्ग पर बीच-बीच में कई बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
मक़बूल अख़्तर ने पत्र में साफ तौर पर उल्लेख किया है कि यदि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई, तो यह दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है और लोगों के जान-माल को खतरा हो सकता है। उन्होंने आग्रह किया है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराए।

इस पत्र की एक प्रति जिला कलेक्टर मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को भी भेजी गई है, जिससे कि मामले पर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित हो सके।
नगरवासियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि सड़क सुधार का कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा और उन्हें राहत मिलेगी।
— विश्व संवाद न्यूज़ नेटवर्क, मनेन्द्रगढ़


![]()
