मतदाता सूची से नाम विलोपन के प्रयास पर पत्रकार वकील अंसारी ने की निष्पक्ष जांच व कड़ी कार्रवाई की मांग
मनेंद्रगढ़।
मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मामलों को लेकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वार्ड क्रमांक 05 के स्थायी निवासी एवं वरिष्ठ पत्रकार वकील अंसारी ने मतदाता सूची से नाम विलोपन के कथित प्रयास को लेकर बड़ा खुलासा किया है। इस गंभीर मामले में उन्होंने दिनांक 22 जनवरी 2026 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मनेंद्रगढ़ के समक्ष एक लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

अपने शिकायत पत्र में वकील अंसारी ने उल्लेख किया है कि उनका नाम मतदाता सूची के भाग क्रमांक 19 में विधिवत एवं वैधानिक रूप से दर्ज है। इसके बावजूद किसी व्यक्ति द्वारा भ्रामक एवं गलत जानकारी प्रस्तुत कर उनका नाम मतदाता सूची से कटवाने का आवेदन दिया गया है, जो न केवल तथ्यहीन है बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार भी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि वे वर्षों से निरंतर उसी पते पर निवासरत हैं, जिसकी पुष्टि हेतु उनके पास सभी आवश्यक और वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं। इसके बावजूद मतदाता सूची से नाम हटाने का प्रयास किया जाना गंभीर संदेह उत्पन्न करता है।
शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस प्रकार की झूठी जानकारी देकर किसी मतदाता का नाम सूची से कटवाने का प्रयास लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध एक दंडनीय अपराध है। ऐसे कृत्य न केवल नागरिक के मौलिक अधिकारों का हनन करते हैं, बल्कि निष्पक्ष चुनाव प्रणाली को भी प्रभावित करते हैं।
वकील अंसारी ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए तथा उनका नाम मतदाता सूची में यथावत बनाए रखा जाए।
मीडिया से चर्चा करते हुए वकील अंसारी ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में एसडीएम महोदय के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि उन्हें प्रशासनिक स्तर पर न्याय नहीं मिला, तो वे माननीय न्यायालय की शरण लेंगे और इस षड्यंत्र में शामिल लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।
![]()
