भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास — पहली बार बना महिला विश्व कप चैंपियन,
देश भर में बना जश्न का माहौल, लोगों ने पटाखे फोड़ कर खुशी जाहिर की।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को इतिहास रचते हुए महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार विश्व विजेता बनने का गौरव हासिल किया। यह जीत न केवल भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक है, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का क्षण भी बन गई है।

इससे पहले भारतीय महिला टीम 2005 और 2017 में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई थी। अब 25 साल बाद महिला क्रिकेट को नया विश्व चैंपियन मिला है। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद भारत चौथी ऐसी टीम बन गई है जिसने महिला विश्व कप अपने नाम किया है।

भारत की पारी – दमदार शुरुआत और शानदार स्कोर
फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। टीम की शुरुआत धमाकेदार रही — शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की।
शेफाली ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 78 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे। वहीं स्मृति मंधाना ने 58 गेंदों में 45 रनों की पारी खेली।
मिडिल ऑर्डर में जेमिमा रोड्रिग्स ने 24, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 20 और ऋचा घोष ने 34 रन जोड़े। दीप्ति शर्मा ने भी 58 रन की उपयोगी पारी खेली, हालांकि वे रन आउट हो गईं।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से अयाबोंगा खाका ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि नोनकुलुलेको मलाबा, नाडिन डि क्लर्क और चोले ट्रायन ने एक-एक विकेट लिया।

दीप्ति शर्मा की घातक गेंदबाजी – पांच विकेट झटके
299 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने जल्द ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट ने 98 गेंदों पर 101 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज टिक नहीं सके।
दीप्ति शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में पांच विकेट झटके और टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई। उनके अलावा शेफाली वर्मा और अमनजोत कौर ने भी महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
दक्षिण अफ्रीका की पारी 45.3 ओवर में 246 रनों पर सिमट गई। डर्कसन ने 35, लुस ने 25 और जाफ्ता ने 16 रन बनाए।
भारत बना नया विश्व चैंपियन
दीप्ति शर्मा के ऑलराउंड प्रदर्शन और टीम के सामूहिक प्रयास से भारत ने यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया — खासकर शेफाली, स्मृति, हरमनप्रीत और दीप्ति का योगदान निर्णायक रहा।
इस जीत के साथ भारत ने महिला क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय लिखा है। देशभर में इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया जा रहा है, और भारतीय महिला टीम को ‘नए युग की चैंपियन’ के रूप में सराहा जा रहा है
![]()
