मनेंद्रगढ़ व राजधानी में एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू
मनेंद्रगढ़, 18 अगस्त 2025।
मनेंद्रगढ़ जिले के लगभग 200 एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी तथा राजधानी रायपुर सहित प्रदेशभर के 16,000 से अधिक कर्मचारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं।

हड़ताल के कारण ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। खासकर दूरस्थ गांवों में जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ही मुख्य सहारा हैं, वहां मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
कर्मचारियों की प्रमुख 10 मांगें –
1. सिविलियन एवं स्थायीकरण
2. पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
3. ग्रेड पे निर्धारण
4. कार्य मूल्यांकन व्यवस्था में पारदर्शिता
5. लंबित 27% वेतन वृद्धि लागू करना
6. नियमित भर्ती सीटों में आरक्षण
7. अनुकंपा नियुक्ति
8. मेडिकल एवं अन्य अवकाश की सुविधा
9. स्थानांतरण नीति
10. न्यूनतम 10 लाख कैशलेस चिकित्सा बीमा
स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित
मनेंद्रगढ़ जिले के सिविल लाइन क्षेत्र में एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने धरना स्थल पर डेरा डाल लिया है। वहीं ग्रामीण इलाकों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा। कई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ताले लटक गए हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों को सरकार लंबे समय से नज़रअंदाज़ कर रही है। कई बार ज्ञापन और आंदोलन के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रशासन की चिंता बढ़ी
जिले के स्वास्थ्य अमले पर अब दबाव बढ़ गया है। आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं ठप होने से प्रशासनिक स्तर पर बैठकें शुरू हो गई हैं। अधिकारी मानते हैं कि अगर हड़ताल लंबी खिंचती है तो ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
👉 एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का यह आंदोलन प्रदेशव्यापी है और जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होतीं, हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया गया है।
![]()
