छ.ग. नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन –
सौरभ यादव बने कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष
मनेंद्रगढ़।
राजधानी रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की प्रदेश स्तरीय बैठक में नवीन प्रदेश कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में प्रदेश के सभी संभागों और जिलों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से खेमूलाल निषाद को प्रदेश अध्यक्ष चुना गया, वहीं मनेंद्रगढ़ नगर पालिका परिषद में कार्यरत सौरभ यादव को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा प्रदेश महासचिव शरदराम पोया, उपाध्यक्ष देवेन्द्र ध्रुव, अजय मेश्राम व श्रीमती मुमताज खान, संयुक्त सचिव राहुल मेढ़े, प्रवक्ता हिमांशु यदु, कोषाध्यक्ष महेश श्रीवास्तव व तामेश साहू, सह सचिव नरेन्द्र साहू सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां की गईं।
नवनियुक्त कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सौरभ यादव ने कहा कि महासंघ द्वारा दी गई जिम्मेदारी को वे प्रदेश के 25 हजार से अधिक प्लेसमेंट कर्मचारियों के साथ मिलकर निभाएंगे और कर्मचारियों की जायज मांगों को सरकार व प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाएंगे। उनकी नियुक्ति पर समस्त कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है।

गौरतलब है कि सौरभ यादव पूर्व में सरगुजा संभाग अध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे हैं और इस दौरान उन्होंने कर्मचारी हितों के लिए लगातार आवाज उठाई तथा संगठन को मजबूती प्रदान की थी। उनके कार्यों को देखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी दी गई है।
महासंघ की प्रमुख मांगें
1. नगरीय निकायों के प्लेसमेंट कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन के तहत न्यूनतम ₹21,000 वेतन दिया जाए।
2. वेतन का भुगतान सीधे नगरीय निकायों से किया जाए।
3. लगातार 10–15 वर्षों से कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों का स्थायीकरण/नियमितिकरण किया जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि सरकार ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो महासंघ आगामी समय में हड़ताल करेगा। इस हड़ताल से पानी, बिजली और सफाई जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित होंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
![]()
