Oplus_131072
जनता की जेब पर बिजली का झटका — आम आदमी पार्टी का सरकार के खिलाफ हल्ला बोल
बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ आम आदमी पार्टी का प्रदेशव्यापी धरना प्रदर्शन
मनेंद्रगढ़, 04 नवम्बर 2025
छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में हुई भारी बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने आज प्रदेशभर में जिला स्तर पर जिला MCB के मुख्यालय मनेंद्रगढ़ में धरना प्रदर्शन किया। पार्टी ने सरकार पर आम जनता को आर्थिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया और कहा कि बिजली सरप्लस राज्य होने के बावजूद यहां के उपभोक्ताओं को महंगी बिजली दी जा रही है।

गरीब और आम जनता पर बढ़ा बोझ
आम आदमी पार्टी ने कहा कि सरकार ने जुलाई महीने से बिजली दरों में जो वृद्धि की है, उसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। लोगों के बिजली बिल पहले से कई गुना बढ़ गए हैं। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद जनता को उम्मीद से अधिक बिल मिल रहे हैं, जिससे घरों का बजट गड़बड़ा गया है। पार्टी नेताओं ने सवाल उठाया कि जब छत्तीसगढ़ बिजली सरप्लस राज्य है, तो जनता को महंगी बिजली क्यों दी जा रही है?
वितरण कंपनियों पर सरकार की मेहरबानी
आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार बिजली वितरण कंपनियों के खर्चों में कटौती करने के बजाय जनता से अतिरिक्त वसूली कर रही है। छत्तीसगढ़ में विद्युत की चार कंपनियाँ बनाई गई हैं, जबकि यदि केवल एक कंपनी होती तो बाकी तीन कंपनियों के अधिकारियों-कर्मचारियों के वेतन और प्रशासनिक खर्चों की बचत हो सकती थी।
पार्टी का कहना है कि सरकार इन कंपनियों के अनावश्यक खर्चों को कम करने के बजाय उसकी भरपाई आम जनता की जेब से कर रही है।


बिलों में गैरज़रूरी शुल्क और अतिरिक्त प्रभार
पार्टी नेताओं ने बताया कि हर महीने बिजली बिल में ऊर्जा प्रभार के साथ कई गैर-ज़रूरी चार्ज जोड़े जाते हैं, जिनका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ता है। आम आदमी पार्टी ने इसे जनता से की जा रही आर्थिक लूट बताते हुए कहा कि वितरण कंपनी छत्तीसगढ़ की जनता की जेब काटने का काम कर रही है।

पहले भी उठ चुकी है आवाज़
आम आदमी पार्टी ने याद दिलाया कि 3 जुलाई 2025 को भी उन्होंने सभी जिलों में बढ़ी हुई बिजली दरों के विरोध में धरना प्रदर्शन किया था और सरकार को ज्ञापन सौंपा था।
उस समय भी पार्टी ने चेतावनी दी थी कि यदि सरकार ने दरें वापस नहीं लीं तो आंदोलन जारी रहेगा। लेकिन सरकार द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने के बाद आज पार्टी को एक बार फिर सड़क पर उतरना पड़ा।
जनता के हित में सरकार से चार मांगें
धरना स्थल पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने सरकार से मांग की कि बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए, स्मार्ट मीटर की अनिवार्यता को स्थगित किया जाए, वितरण कंपनियों के अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाई जाए और आम जनता को सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जाए।
सरकार को दी चेतावनी
पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने जनता की मांगों पर ध्यान नहीं दिया और बिजली दरों में कमी नहीं की, तो आने वाले समय में इससे भी बड़ा राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा। पार्टी ने कहा कि यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक आम जनता को न्याय नहीं मिलता।
भारी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
मनेंद्रगढ़ में हुए धरना प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य सुखमंती सिंह, कोरबा लोकसभा अध्यक्ष रमाशंकर मिश्रा, विश्वजीत पाण्डेय, राजेश मंगतानी, रामप्रवेश साहू, संदीप यादव, मोहम्मद मुस्ताक अंसारी, मनमोहन सांधे, शारदा यादव, संगोपत सिंह, दीपक, रेनी तिवारी, राजेंद्र कुमार अहिरवार, दिनेश बघेल, कासिम उमर, गुलाबिया सिंह, हिमानी साहू, अनीता सिंह, कमलेश अहिरवार, रामा यादव, विनोद कुमार, राजा बसोर, वाजिद अली, उज्ज्वल झा, दुर्गा राव, प्रेमवती सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आम जनता को राहत देने की मांग की।
![]()
