पालक-शिक्षक बैठक में बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर हुई चर्चा
नगर पंचायत अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि हुए शामिल, दिया मार्गदर्श
खोंगापानी, जिला एमसीबी।
नगर पंचायत खोंगापानी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में आज पालक-शिक्षक बैठक का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामयी वातावरण में किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों की पढ़ाई, व्यवहार, अनुशासन और सर्वांगीण विकास को लेकर पालकों और शिक्षकों के बीच समन्वय स्थापित करना था।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ललिता रामा यादव उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों की शिक्षा में अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि घर और विद्यालय दोनों के सहयोग से ही बच्चों का समुचित विकास संभव है। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्था और शिक्षा के स्तर की सराहना करते हुए और अधिक सुधार की दिशा में सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।

सांसद प्रतिनिधि श्री अमित दास ने अपने उद्बोधन में छात्रों की उपस्थिति, नियमित अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रारंभिक तैयारी पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का ही केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक अच्छा नागरिक बनाने की प्रयोगशाला भी है।
शाला विकास समिति के सदस्य श्री संतोष राय ने पालकों से अपील की कि वे बच्चों के जीवन में नैतिक मूल्यों के विकास पर ध्यान दें और शिक्षा में अनुशासन का भाव उत्पन्न करें।

पूर्व पार्षद श्री रामा यादव ने कहा कि विद्यालय की हर गतिविधि में जनसहयोग आवश्यक है और पालक-शिक्षक मिलकर एक मजबूत नींव रख सकते हैं जिससे आने वाली पीढ़ी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू सके।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने बच्चों की प्रगति रिपोर्ट साझा की और अभिभावकों को उनके बच्चों के प्रदर्शन, रुचियों और आवश्यक सुधार क्षेत्रों की जानकारी दी। साथ ही पढ़ाई का अनुकूल वातावरण घर पर भी बनाए रखने की सलाह दी गई।

बैठक के अंत में प्रधानाचार्य द्वारा सभी अतिथियों और पालकों का आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन सदैव बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर रहेगा और पालकों से मिलकर काम करता रहेगा।
इस अवसर पर शिक्षकों, पालकों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने बैठक को सफल और सार्थक बना दिया।
![]()
