रात के अंधेरे में कायराना वारदात —दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा तोड़ी,
जनाक्रोश फूटा, भाजपा ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग रखी
खोगापानी (मनेंद्रगढ़)। एमसीबी
नगर पंचायत खोगापानी के वार्ड क्रमांक 07 में स्थित बीएसएनएल टॉवर के समीप लगी पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। यह घटना क्षेत्र में गहरी नाराज़गी और आक्रोश का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों ने इस कृत्य को अत्यंत घोर निंदनीय बताया है।

जैसे ही इस घटना की जानकारी हसदेव मंडल के भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को मिली, सभी मौके पर तुरंत पहुंच गए। प्रतिमा की स्थिति देखकर उन्होंने कड़ा विरोध जताया और घटना की सूचना तत्काल पुलिस चौकी प्रभारी को दी। भाजपा पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपते हुए दोषियों के विरुद्ध एफ.आई.आर दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की मांग की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी राष्ट्रीय एकात्मता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रतीक रहे हैं। उनकी प्रतिमा को क्षति पहुंचाना राष्ट्र के गौरव और विचारधारा पर हमला है, जिसे किसी भी रूप में सहन नहीं किया जाएगा।
सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और प्रतिमा की स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय नागरिकों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तार किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का कृत्य करने का साहस न कर सके।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रतिमा का शीघ्र पुनःस्थापन किया जाए, ताकि लोगों की आस्था बनी रहे।
![]()
