“भड़काऊ पोस्ट पर कांग्रेस का हल्ला बोल” — राहुल गांधी के अपमान को बताया लोकतंत्र पर हमला
शिक्षक और भाजपा समर्थक पर कांग्रेस का निशाना — अपमानजनक टिप्पणी पर कार्रवाई की मांग
मनेंद्रगढ़/एमसीबी।
सोशल मीडिया पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी के खिलाफ की गई आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियों ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है।
इस मामले में जिला कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर के अध्यक्ष श्री अशोक श्रीवास्तव ने कलेक्टर को शिकायत पत्र सौंपकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतियां पुलिस अधीक्षक (SP) एवं जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भी प्रेषित की गई हैं।

शिकायत में कहा गया है कि फेसबुक पर लगातार राहुल गांधी जी के खिलाफ भ्रामक, झूठी और अमर्यादित टिप्पणियाँ की जा रही हैं, जो न केवल व्यक्तिगत मर्यादा का उल्लंघन हैं बल्कि समाज में राजनीतिक द्वेष और वैमनस्य फैलाने का प्रयास हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने अपनी शिकायत में उल्लेख किया है कि माध्यमिक शाला बरहोरी, विकासखंड भरतपुर में पदस्थ सहायक शिक्षक प्रदीप पयासी ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी जी के प्रति अत्यंत अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 का स्पष्ट उल्लंघन है। साथ ही, नीलेश मिश्रा, जो स्वयं को भाजपा समर्थक बताते हैं, ने फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट करते हुए राहुल गांधी जी के खिलाफ अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया और झूठे दावे करते हुए समाज में नफरत फैलाने का प्रयास किया।
कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव का कहना है कि
इस तरह की पोस्ट लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं और इससे समाज में राजनीतिक नफरत और भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित व्यक्तियों की पहचान की पुष्टि कर उनके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही, भड़काऊ सामग्री की जांच साइबर शाखा से कराई जाए और दोषियों पर आईटी एक्ट व भारतीय दंड संहिता की धारा 153A, 295A और 505(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि
इस तरह की झूठी और भड़काऊ पोस्टें समाज में तनाव और भ्रम फैलाने का कार्य करती हैं। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा की है कि दोषियों पर सख्त और उदाहरणात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार के असंवैधानिक कार्य करने का साहस न करे।
![]()
