मंत्री के निज सचिव ने मनाया पत्नी का सड़क पर बर्थडे सेलीब्रेशन — कांग्रेस ने बोला तीखा हमला, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
चिरमिरी।
छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निज सचिव और भाजपा नेता राजेंद्र दास की पत्नी द्वारा सड़क पर लग्जरी कार की बोनट पर केक काटकर और आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाने का मामला तूल पकड़ चुका है।

ऐसी जानकारी प्राप्त हुई है की शल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चिरमिरी पुलिस ने FIR दर्ज की है, लेकिन फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ, जिससे कांग्रेस ने कड़े शब्दों में विरोध जताया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है। वीडियो में साफ दिखाई देने के बावजूद राजेंद्र दास का नाम FIR में शामिल नहीं किया गया। कांग्रेस प्रवक्ता सौरव मिश्रा ने कहा कि “भाजपा सरकार में कानून केवल आम जनता के लिए है, जबकि भाजपा नेताओं, मंत्रियों और उनके सहायकों पर किसी नियम का असर नहीं होता।”
उन्होंने आगे कहा — “सत्ता के संरक्षण में मंत्री के पीए, कार्यकर्ता और रिश्तेदार खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं, और शासन-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि सड़क को निजी जागीर बना दिया गया है, लेकिन पुलिस ने केवल अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर औपचारिकता निभाई है।”
इस मामले में दर्ज एफआईआर धारा 285, 125, 3(5) BNS एक्ट एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 122, 177 के तहत की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है, आरोपी जल्द नामजद किए जाएंगे।
वहीं राजेंद्र दास ने कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि “केक सड़क पर नहीं, घर के सामने गली में काटा गया था, और पटाखे मेरे नहीं बल्कि मेरे परिचितों ने फोड़े।”
लेकिन कांग्रेस का कहना है कि यह मामला कानून और प्रशासनिक निष्पक्षता की साख पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।
कांग्रेस की मांग:
वीडियो में दिख रहे व्यक्ति पर नामजद कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए।
सत्ता संरक्षण में कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
प्रशासनिक पक्षपात और ढिलाई के खिलाफ विभागीय जांच हो।
कांग्रेस ने कहा — “राज्य में कानून का राज नहीं, सत्ता का राज चल रहा है!”
![]()
