कांग्रेस को भूमि न देने की साजिश का आरोप – तहसीलदार पर जिला कांग्रेस कमेटी ने लगाए गंभीर आरोप
मनेन्द्रगढ़। MCB
जिला कांग्रेस कमेटी ने तहसीलदार मनेन्द्रगढ़ श्रीमती श्रुति धुर्वे पर कांग्रेस को कार्यालय हेतु भूमि आवंटन से वंचित रखने का आरोप लगाया है। इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं कार्यालय प्रभारी सौरव मिश्रा ने बताया कि कांग्रेस कार्यालय के लिए भूमि आवंटन का आवेदन 10 अप्रैल 2025 को कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत किया गया था। सभी विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) समय पर प्राप्त हो गए थे और जून माह तक संबंधित रिपोर्टें तहसीलदार कार्यालय में जमा भी हो चुकी थीं। इसके बावजूद चार महीने तक प्रकरण को लंबित रखा गया। शिकायत के बाद तहसीलदार द्वारा “नई राजस्व निरीक्षक रिपोर्ट” बनवाकर जोड़े जाने की जानकारी न तो आवेदक को दी गई और न ही यह रिकॉर्ड में दर्ज है।

भरतपुर–सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने आरोप लगाया कि “तहसीलदार भाजपा के इशारे पर कांग्रेस को भूमि आवंटन से वंचित रखने की साजिश रच रही हैं। यह लोकतांत्रिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन है।”

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर तहसीलदार मनेन्द्रगढ़ के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाए और कांग्रेस कार्यालय हेतु भूमि आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण की जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो इस पूरे मामले की जानकारी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को दी जाएगी और पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर लोकतांत्रिक आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
![]()
