चलती दुकान तोड़े जाने से एक परिवार सड़क पर —
सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश गुप्ता बोले, “यह गरीब विरोधी सरकार है”
चिरमिरी।
नगर निगम चिरमिरी के वार्ड क्रमांक 20 में संदीप दास जो कि एक गरीब परिवार से है की चलती हुई दुकान को निगम अमले द्वारा तोड़ दिए जाने से इलाके में आक्रोश फैल गया है। बताया जा रहा है कि यह दुकान कई वर्षों से संचालित हो रही थी और इसी दुकान से परिवार के 11 सदस्यों का पालन-पोषण चल रहा था। अचानक बिना पूर्व सूचना के दुकान को धराशायी कर दिया गया, जिससे पूरा परिवार अब रोज़गार से वंचित हो गया है।

घटना के बाद सांसद प्रतिनिधि ओमप्रकाश गुप्ता (बड़कू भैया) मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा —

> “बरसात के समय किसी गरीब की चलती हुई दुकान तोड़ देना बहुत गलत है। यह सरकार पूरी तरह गरीब विरोधी है। बिना पुनर्वास की व्यवस्था किए किसी को घर या दुकान से बेदखल करना अमानवीय है। प्रशासन को तुरंत इस परिवार को दुकान पुनः उपलब्ध करानी चाहिए। मैं इस मामले को लेकर कलेक्टर और एसपी से न्याय की मांग करूंगा।”
स्थानीय मोहल्लेवासियों ने बताया कि भाजपा से जुड़े एक स्थानीय नेता ने पाइपलाइन बिछाने और नाली निर्माण का हवाला देते हुए दुकान खाली कराने की बात कही थी। दुकानदार को सिर्फ कोरे कागज पर दस्तखत करवाए गए, जिसके बाद निगम अमले ने दुकान तोड़ दी
लोगों का कहना है कि पाइपलाइन और नाली निर्माण के नाम पर केवल कुछ चुनिंदा दुकानों को ही निशाना बनाया गया है, जिससे पक्षपात और मनमानी की बू आती है।
दुकानदार परिवार अब खुले आसमान के नीचे अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। उनका कहना है कि जब तक उन्हें पुनर्वास या नई दुकान नहीं दी जाती, वे न्याय की लड़ाई जारी रखेंगे।
![]()
