25 कर्मचारियों के बर्खास्तगी के बाद 16 हजार एनएचएम कर्मचारी देंगे सामूहिक इस्तीफा
रायपुर
प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था इन दिनों गहरे संकट में है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत लगभग 16,000 कर्मचारी सामूहिक इस्तीफा देने की तैयारी में हैं।

जानकारी के अनुसार, 25 एनएचएम कर्मचारियों की बर्खास्तगी के बाद शासन की दमनकारी नीति के विरोध म सामूहिक इस्तीफा सौंपेंगे। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वे अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर अड़े हुए हैं और स्पष्ट कह रहे हैं कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
कर्मचारी अपने-अपने जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को सामूहिक रूप से इस्तीफा सौंपेंगे। यह कदम प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए और बड़ा झटका साबित हो सकता है, क्योंकि ग्रामीण इलाकों से लेकर शहरी स्वास्थ्य केंद्रों तक एनएचएम कर्मचारियों पर ही कार्य का सबसे बड़ा बोझ रहता है।
बता दें कि 18 अगस्त से एनएचएम कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हुए हैं। हड़ताल के कारण पहले से ही स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। अब सामूहिक इस्तीफे की घोषणा ने हालात और बिगाड़ दिए हैं।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और संवाद स्थापित करने के बजाय दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं पर मंडरा रहे इस गहरे संकट को देखते हुए आम जनता सबसे ज्यादा परेशान है।
👉 अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकार बातचीत कर इस संकट को हल करेगी, या फिर प्रदेश की जनता को स्वास्थ्य सेवाओं के ठप होने का सामना करना पड़ेगा।
![]()
