Oplus_0
उचित मूल्य दुकान की हालत बदतर, खाद्य विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर
MCB
MCB जिले के मनेंद्रगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत कछौड़ की उचित मूल्य की दुकान (राशन दुकान) की स्थिति किसी खंडहर से कम नहीं है।
यहां जमीन पर बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, जिन पर चलते समय उपभोक्ताओं को गिरने का खतरा रहता है। ऊपर से छत की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि प्लास्टर गिर चुका है और बरसात के दिनों में लगातार पानी टपकता रहता है।

दुकान के भीतर रखे खाद्यान्न पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। पानी गिरने से चावल और अन्य अनाज भीगकर खराब हो रहे हैं, और यही राशन गरीब उपभोक्ताओं के हिस्से में जाता है। यदि लोग ऐसा खराब भोजन खाने को मजबूर हुए तो उनकी सेहत पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ना तय है।

यह स्थिति बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है, क्योंकि उचित मूल्य की दुकानें गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए सरकारी व्यवस्था का सहारा होती हैं। लेकिन जब दुकान ही जर्जर हालात में हो और वहां से वितरित हो रहा खाद्यान्न खराब हो, तो यह सीधे-सीधे खाद्य विभाग की घोर लापरवाही को दर्शाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार खाद्य विभाग तक पहुंचाई गई, लेकिन आज तक कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया।
ऐसे में यह सवाल उठना लाज़मी है कि आखिर खाद्य विभाग आंख मूंदकर क्यों बैठा है? क्या गरीबों की सेहत और जीवन का कोई मूल्य नहीं?

कछौड़ की उचित मूल्य दुकान की यह स्थिति न केवल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह मुंह मोड़े हुए हैं।
![]()
