महिला स्वास्थ्य कर्मी ने दिखाया अदम्य साहस, उफनती नदी पार कर शिशु को लगाया टीका
मंडी।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पद्धर उपमंडल की चौहार घाटी में स्वास्थ्य कार्यकर्ता कमला देवी ने कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनाओं की मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, दो माह के शिशु को टीका लगाने के लिए कमला देवी गांव पहुंचने निकलीं। लेकिन रास्ते में तेज बारिश से स्वाड खड्ड उफान पर थी। हालात इतने भयावह थे कि आमजन वहां से गुजरने से भी कतरा रहे थे। बावजूद इसके कमला देवी ने अपने कर्तव्य को प्राथमिकता देते हुए जीवन का जोखिम उठाकर खड्ड को पार किया।
गांव पहुंचकर उन्होंने शिशु को आवश्यक टीका लगाया और परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भी दी। इस दौरान ग्रामीणों ने उनके साहस और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि कमला देवी जैसे स्वास्थ्य कर्मी ही सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं।
कमला देवी का यह कदम न केवल स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाता है, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा है। उनके कार्य से यह संदेश मिलता है कि परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि संकल्प मजबूत हो तो हर मुश्किल पार की जा सकती है।
ग्रामीणों और स्थानीय प्रशासन ने भी उनके इस प्रयास को सलाम किया है।
विज्ञापन

![]()
