*हाथियों के हमले में ग्रामीण की मौत*
*पीड़ित परिवार से मिले पूर्व विधायक गुलाब कमरों*
*वन विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों का आक्रोश*
मनेंद्रगढ़। एमसीबी।
मनेंद्रगढ़ वन मंडल के केल्हारी परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कछौड़ टावरपारा में बीती रात हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरों पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

ग्रामीणों एवं परिजनों ने पूर्व विधायक को बताया कि बीती रात करीब 11 से 12 बजे के बीच 12 हाथियों का दल गांव में घुस आया। हाथियों ने मकानों को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया और खेतों को भी नुकसान पहुँचाया। इसी दौरान हाथियों के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग ने न तो हाथियों की गतिविधियों को लेकर पहले से मुनादी कराई, न ट्रैकिंग की कोई व्यवस्था की, और न ही गांव में हाथियों के मूवमेंट की जानकारी साझा की। उनका कहना है कि यदि विभाग समय रहते चेतावनी देता तो इस प्रकार की दर्दनाक घटना टल सकती थी।

पीड़ित परिवार ने बताया कि घटना की जानकारी ग्रामीणों ने स्वयं फोन कर वन विभाग को दी, लेकिन विभागीय अधिकारी और कर्मचारी सुबह 3 बजे घटनास्थल पर पहुंचे। इससे पहले ग्रामीण पूरी रात दहशत में रहे और अपने स्तर पर हाथियों को भगाने की कोशिश करते रहे।
पूर्व विधायक गुलाब कमरों वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों को जान-माल का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
विज्ञापन

![]()
