बिजली बिल हाफ योजना बंद: गरीबों पर भाजपा सरकार का सीधा हमला – अशोक श्रीवास्तव
मनेंद्रगढ़/चिरमिरी, 7 अगस्त – छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा ‘बिजली बिल हाफ योजना’ को पूरी तरह बंद किए जाने के निर्णय पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री अशोक श्रीवास्तव ने इसे जनविरोधी निर्णय करार दिया। उन्होंने कहा कि यह फैसला प्रदेश के करोड़ों आमजनों, खासकर गरीब, मजदूर, किसान एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के हितों पर सीधा आघात है।

प्रेस वार्ता में श्री श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस शासन में लागू की गई बिजली बिल हाफ योजना ने 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी थी। इससे हर महीने 400 यूनिट तक बिजली बिल में 40-50 प्रतिशत की बचत होती थी, जिससे गरीबों के जीवनस्तर में सुधार आया था। लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही पहले इस योजना की सीमा 100 यूनिट तक घटाई और अब इसे पूर्णतः बंद कर दिया है।
अब जनता को देना होगा पूरा बिजली बिल
श्री श्रीवास्तव ने कहा, “अब जिन उपभोक्ताओं की मासिक खपत 100 यूनिट से ऊपर है, उन्हें पूरी दर से बिजली बिल चुकाना पड़ेगा। इससे लाखों उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और यह भाजपा सरकार की गरीब विरोधी सोच को दर्शाता है।”

दरें बढ़ीं, सेवाएं बदहाल
प्रदेश कांग्रेस सचिव सुभाष कश्यप एवं पूर्व महापौर डमरू रेड्डी ने बताया कि सरकार ने घरेलू बिजली दरों में 25 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की है और आगामी समय में 50 पैसे प्रति यूनिट की और बढ़ोतरी की तैयारी चल रही है। स्मार्ट मीटर योजना के अंतर्गत लोगों को भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं, और अब निजी कंपनियों को मीटर लगाने की जिम्मेदारी देकर जनता को और महंगाई की मार झेलने को मजबूर किया जा रहा है।
24 घंटे बिजली का वादा फेल – कांग्रेस
पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन की तुलना में भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि पहले 24 घंटे निर्बाध बिजली मिलती थी, जबकि अब शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जनता बिजली कटौती और वोल्टेज की समस्या से त्रस्त है।
मोदी सरकार की गलत नीतियों का असर –
नगर निगम चिरमिरी की नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा एवं उप नेता प्रतिपक्ष मोहम्मद इकराम ने केंद्र की मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों को बिजली दरों में वृद्धि का प्रमुख कारण बताया। उन्होंने कहा कि कोयला उत्पादन, परिवहन, कोल पावर प्लांट्स की लागत और टैक्सों में बढ़ोतरी के कारण बिजली की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा, “जब प्रदेश के संसाधन – कोयला, जमीन और पानी – यहीं के हैं, तो फिर जनता को महंगी बिजली क्यों?”
बड़ा आंदोलन छेड़ेगी कांग्रेस
जिला अध्यक्ष श्री अशोक श्रीवास्तव ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू नहीं किया, तो कांग्रेस प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बिजली का नहीं, जनता के अधिकारों और उनके जीवन से जुड़े सवालों का आंदोलन होगा।
प्रेस वार्ता में मौजूद थे कई वरिष्ठ नेता
प्रेस वार्ता में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति रही, जिनमें नेता प्रतिपक्ष गायत्री बिरहा, उप नेता प्रतिपक्ष मोहम्मद इकराम, प्रदेश सचिव सुभाष कश्यप, पूर्व महापौर डमरू रेड्डी, शाहिद महमूद, राणा दास, शहाबुद्दीन, राहुल पटेल, विजय नेवार, सैफ नियाजी, शुभम सलूजा, निखिल यादव, रज्जाक खान, विश्वजीत दास, सलीम सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
![]()
