प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ का लुण्ड्रा में शक्ति प्रदर्शन —
“पुरानी पेंशन हमारा अधिकार” — सरगुजा के शिक्षकों की गरजती आवाज़
लुण्ड्रा/सरगुजा, 9 नवम्बर 2025।
प्रदेश शिक्षक कल्याण संघ, जिला सरगुजा की एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक विकासखंड लुण्ड्रा में बड़े उत्साह एवं अनुशासन के साथ संपन्न हुई। बैठक का आयोजन प्रदेश सह सचिव श्री उजीत मानिकपुरी के मार्गदर्शन में तथा जिला अध्यक्ष श्री साजिद खान एवं ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती उषा जायसवाल के अथक प्रयासों से किया गया।

इस बैठक में 2004 से पूर्व नियुक्त लगभग 50 शिक्षकगणों ने उपस्थिति दर्ज कराते हुए शाम 6:30 बजे तक धैर्यपूर्वक अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।
बैठक का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजन-अर्चना से हुआ। तत्पश्चात ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती उषा जायसवाल द्वारा पुष्पवर्षा कर अतिथियों एवं पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
मुख्य बैठक में संघ की प्रमुख एक सूत्रीय मांग — नियुक्ति तिथि 1998 से सेवा की गणना करते हुए पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिए जाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही शिक्षकों की स्थानीय एवं अन्य समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में आगे के संघर्ष की रणनीति पर भी चर्चा की गई, जिसमें उपस्थित सभी शिक्षकों ने एकजुट होकर आंदोलन में साथ देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय सह सचिव श्री उजीत मानिकपुरी ने किया, वहीं बैठक की अध्यक्षता उप प्रांत अध्यक्ष श्री दिनेश सिंह एवं संभाग अध्यक्ष श्री हजरत अली ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में कोरिया जिला अध्यक्ष श्री अशोक साहू, सरगुजा जिला अध्यक्ष श्री साजिद खान, कार्यकारी अध्यक्ष श्री धीरेंद्र कुशवाहा, महिला प्रकोष्ठ प्रांत कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती गौरी शर्मा, सरगुजा महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती सीमा गुप्ता (अंबिकापुर) तथा अंबिकापुर ब्लॉक अध्यक्ष श्री धनेश्वर गुप्ता सहित जिले एवं संभाग के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संघ के प्रांतीय निर्देशानुसार सरगुजा संभाग में यह पहला जिला स्तरीय बैठक रहा, जो अत्यंत सफल एवं ऐतिहासिक माना जा रहा है। आगामी रविवार को सूरजपुर जिले में अगली बैठक प्रस्तावित है, जिसमें शिक्षकों की भागीदारी और अधिक व्यापक रहने की संभावना है।
![]()
