ग्राम कछौड़ में हाथियों का कहर, एक ग्रामीण की मौत – कई घर और फसलें बर्बाद
मनेंद्रगढ़ (एमसीबी)।
मनेंद्रगढ़ वन मंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत कछौड़ में बीती रात हाथियों के दल ने जबरदस्त उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि लगभग 12 हाथियों का दल, जिसमें दो छोटे शावक भी शामिल थे, गांव में घुस आया और घंटों तक उत्पात मचाते रहे।

हाथियों ने गांव के तीन घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा खेतों में खड़ी फसलों को रौंद डाला। इस दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में एक ग्रामीण युवक की मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम का माहौल है।

ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का दल देर रात अचानक गांव में दाखिल हुआ और अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। कई परिवार पूरी रात भय में जागते रहे।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हाथियों का यह दल वर्तमान में बिहारपुर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। विभाग लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है और स्थिति पर नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं।
वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल की ओर न जाएं और पूरी तरह सतर्क रहें। साथ ही प्रभावित परिवारों को प्राथमिक स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का दल आए दिन गांव के आसपास मंडराता रहता है, जिससे वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने शासन-प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
![]()
